
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान की मूल आत्मा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ‘धर्मनिरपेक्षता’ और ‘समाजवाद’ जैसे शब्दों को संविधान से हटाना चाहती है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे की बुनियाद हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ओडिशा में ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां देश के दलितों, आदिवासियों और युवाओं के अधिकारों को कमजोर करने की दिशा में बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “अगर दलित, आदिवासी और युवा अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ना नहीं सीखेंगे तो भाजपा उनका सफाया कर देगी।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि ओडिशा में भाजपा समर्थक दलितों और सरकारी अधिकारियों पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा के इस कथित एजेंडे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और लोगों को संविधान की रक्षा के लिए प्रेरित करें।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में 160 सार्वजनिक उपक्रमों की स्थापना की थी ताकि लोगों को रोजगार मिले और आत्मनिर्भरता बढ़े। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने इनमें से 23 उपक्रमों का निजीकरण कर दिया, जिससे रोजगार के अवसर और श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हुए हैं।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान ही देश के वंचित वर्गों के अधिकारों की सबसे बड़ी गारंटी है और इसके संरक्षण के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



