
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रदेश की उच्च शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने जा रहे हैं। वे उन्नाव जनपद में भारत के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ऑगमेंटेड मल्टीडिसिप्लिनरी विश्वविद्यालय – चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के उत्तर प्रदेश परिसर का भव्य उद्घाटन करेंगे। यह विश्वविद्यालय लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर स्थित है और यह प्रदेश को तकनीकी व रोजगारपरक शिक्षा की दिशा में एक बड़ी सौगात देगा।
तकनीक से युक्त शिक्षा प्रणाली की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश
यह विश्वविद्यालय भारत में अपनी तरह का पहला होगा, जहां सभी शैक्षणिक कार्यक्रम एआई आधारित टेक्नोलॉजी से संचालित किए जाएंगे। इससे छात्रों को वैश्विक जरूरतों के अनुरूप दक्षता मिलेगी। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की शीर्ष पांच यूनिवर्सिटी में शामिल है, और अब उत्तर प्रदेश में इसका आना राज्य के शिक्षा क्षेत्र की प्रगति का परिचायक है।
योगी सरकार में बना उच्च शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के अनुसार, बीते छह वर्षों में योगी सरकार ने ऐसा सकारात्मक और निवेश-योग्य माहौल बनाया है कि देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अब उत्तर प्रदेश में अपने परिसर खोलने को उत्साहित हैं। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का यह आगमन उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
सरल, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की प्रतिबद्धता
सरकार की प्राथमिकता सभी विद्यार्थियों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। वर्तमान में प्रदेश में करीब 20 निजी और 8 सरकारी विश्वविद्यालय बन चुके हैं। राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे पाठ्यक्रम तैयार करें जो तकनीकी, रोजगारोन्मुखी और वैश्विक मानकों पर खरे उतरें। एआई आधारित शिक्षा से छात्रों में नवाचार, विश्लेषण क्षमता और स्टार्टअप भावना को बल मिलेगा।
उत्तर प्रदेश बनेगा राष्ट्रीय एजुकेशन हब
चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का यह नया परिसर उत्तर प्रदेश को केवल पारंपरिक शिक्षा नहीं, बल्कि भविष्य उन्मुख और तकनीकी नवाचारों से युक्त शिक्षा केंद्र के रूप में पहचान दिलाएगा। इससे प्रदेश की छवि एक राष्ट्रीय एजुकेशन हब के रूप में निखरेगी और युवाओं को विश्वस्तरीय अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा का नया युग शुरू हो रहा है। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का उन्नाव में खुलना न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि करेगा, बल्कि राज्य की आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी प्रगति का भी आधार बनेगा।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



