
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने शनिवार को आंवला में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर आयोजित समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और सांसद साक्षी महाराज समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शाहजहांपुर नाम बदलने की मांग
कार्यक्रम के दौरान संबोधन में उमा भारती ने कहा कि वह जब यहां आ रही थीं तो रास्ते में उन्हें शाहजहांपुर नामक जिला मिला। उन्होंने कहा कि यह नाम सुनकर अच्छा नहीं लगता, इसलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध है कि इस जिले के लिए कोई नया नाम प्रस्तावित किया जाए।
भाजपा और लोधी समाज का रिश्ता
उमा भारती ने कहा कि लोधी समाज ने भाजपा को वह मंच दिया जिसकी वजह से पार्टी ने पूरे प्रदेश में विस्तार किया। भाजपा ने भी हमेशा लोधी समाज का सम्मान बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि लोधी समाज न तो चापलूसी करता है और न ही साजिश रचता है। यही ईमानदारी और परिश्रम इस समाज की ताकत है।
मथुरा और काशी पर अर्जी, कोर्ट का आदेश सर्वोपरि
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि मथुरा और काशी के विवादित मुद्दों पर कोर्ट में अर्जी दी गई है और सुनवाई चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोर्ट का जो भी आदेश होगा, भाजपा और समाज उसका सम्मान करेंगे।
बाबरी और राष्ट्रीय अस्मिता
बाबरी मस्जिद का जिक्र करते हुए उमा भारती ने कहा कि यह मुद्दा राष्ट्रीय अपमान का विषय था। मीर बाकी ने हमारी विरासत को चोट पहुंचाने का काम किया था। ढांचा गिराकर इबादतघर बनाए जाने से हमारी अस्मिता को ठेस पहुंची थी। हमने उस अपमान का अंत करते हुए राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया है, जिससे देश का गौरव वापस लौटा है।
कल्याण सिंह की भूमिका
उमा भारती ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि वह बब्बर शेर थे। उन्होंने सत्ता की परवाह किए बिना रामभक्तों का संरक्षण किया। यह उनका साहस ही था जिसने राम मंदिर आंदोलन को नई दिशा दी।
हिंदू समाज को एकजुट करने का आह्वान
उमा भारती ने कहा कि जाति के नाम पर हिंदू समाज को बांटने की बड़ी साजिश चल रही है। लेकिन हमें इस जाल में नहीं फंसना है। हिंदू समाज को मजबूत करने के लिए पिछड़े और दलित समाज को बराबर की भागीदारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि सत्ता और समाज में पिछड़े व दलितों की निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने अहम काम किया था।
बीएल वर्मा का संबोधन
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की शौर्यगाथा को याद किया। उन्होंने कहा कि अवंतीबाई बचपन से ही तलवार से खेलती थीं और अपने राज्य व प्रजा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहीं। उन्होंने इतिहासकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और वीरांगना अवंतीबाई लोधी के साथ अन्याय किया है।
धर्मपाल सिंह का बयान
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि आंवला की धरती पर वीरांगना की प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि लोधी समाज ने देश और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का श्रेय देते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाने के प्रयासों के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
धर्मपाल सिंह ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए असल में “परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी” है। उनकी पार्टी में परिवार ही सबकुछ है और वही सरकार चलाते हैं। इसके विपरीत भाजपा ही पिछड़ों का सम्मान और स्वाभिमान सुरक्षित रखने वाली पार्टी है।
साक्षी महाराज का बयान
सांसद और अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के अध्यक्ष साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन की पूरी रणनीति कल्याण सिंह और उमा भारती के नेतृत्व में बनी। उन्हीं के प्रयासों से आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समाज का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



