
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेता रोहित पवार ने शिवसेना विधायक संजय शिरसाट पर 5,000 करोड़ रुपये के घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, पवार ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और सिडको (शहर एवं औद्योगिक विकास निगम) की कानूनी रिपोर्ट की जांच करने की मांग की।
‘सिडको रिपोर्ट में ही विरोध’
रोहित पवार ने कहा कि सिडको प्रमुख शिरसाट ने यह बड़ा घोटाला किया है। उन्होंने दावा किया कि सिडको की अपनी कानूनी रिपोर्ट में ही जमीन के हस्तांतरण का विरोध किया गया है, इसके बावजूद शिरसाट ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। पवार ने सवाल उठाया, “जब मामला सुप्रीम कोर्ट में है, तो राज्य सरकार और सिडको एक ही व्यक्ति को जमीन क्यों बेच रहे हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि इस काम को दो दिन में 42 टेबलों पर पूरा किया गया। पवार ने मुख्यमंत्री से इन दस्तावेजों को देखने का अनुरोध किया, जिससे उन्हें पूरे मामले की सच्चाई पता चल सके।
राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी हमला
रोहित पवार ने केवल भ्रष्टाचार के मुद्दे तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी, बल्कि कई अन्य राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
अनुराग ठाकुर के बयान पर हमला: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के ‘हनुमान पहले अंतरिक्ष यात्री’ वाले बयान पर पवार ने तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “हम सभी को शुभांशु शुक्ला पर गर्व है, वे अंतरिक्ष से लौटे हैं। प्रधानमंत्री ने उनका स्वागत किया, उन्हें अनुराग ठाकुर के साथ बैठकर बहस करनी चाहिए।” पवार ने जोर दिया कि विज्ञान पर आधारित तथ्यों का अध्ययन जरूरी है, जबकि ठाकुर का बयान पूरी तरह से राजनीतिक था।
भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध: पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पवार ने बीसीसीआई से भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप मैच रद्द करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक तरफ जब पाकिस्तानी अधिकारी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी गलत बातें करते हैं, तो दूसरी तरफ उनके साथ क्रिकेट मैच खेलना सही नहीं है।
लोकतंत्र विरोधी विधेयक: प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को हटाने वाले विधेयक पर पवार ने कहा कि यह लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ किया जा रहा है। पवार ने आरोप लगाया कि यह विधेयक मुख्यमंत्री की शक्ति छीनने और नेताओं को नियंत्रित करने के लिए लाया गया है, क्योंकि भाजपा को लगता है कि 2029 में वे महाराष्ट्र में सत्ता खो देंगे।
रोहित पवार ने कैबिनेट मंत्री नितेश राणे के ‘वराह जयंती’ मनाने वाले बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राणे को सिर्फ खबरों में रहना पसंद है, और इसीलिए वे ऐसे काम करते रहते हैं।

राजनीति में विरोधी खेमे को खोदने और चिढ़ाने वाली खबरों को अलग महत्व होता है। इसके लिए नारद बाबा अपना कालम लिखेंगे, जिसमें दी जाने वाली जानकारी आपको हंसने हंसाने के साथ साथ थोड़ा सा अलग तरह से सोचने के लिए मजबूर करेगी। 2 दशक से पत्रकारिता में हाथ आजमाने के बाद अब नए तेवर और कलेवर में आ रहे हैं हम भी…..



