
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता शशि थरूर की प्रशंसा करते हुए उनकी अपनी पार्टी के रवैये पर सवाल उठाए हैं। रिजिजू ने कहा कि शशि थरूर एक योग्य और देशहित में सोचने वाले नेता हैं, लेकिन कांग्रेस उन्हें खुलकर बोलने की स्वतंत्रता नहीं देती है।
‘कई विपक्षी नेता अपने नेतृत्व से डरते हैं’
किरेन रिजिजू ने कहा कि शशि थरूर जैसे नेता देश के लिए अच्छा सोचते हैं, लेकिन जब वे देशहित में कुछ कहने की हिम्मत करते हैं तो उन्हें अपनी ही पार्टी की आलोचना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसे गलत बताया। रिजिजू ने दावा किया कि विपक्ष में कई सांसद हैं जो राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन अपने नेतृत्व के डर से चुप रहते हैं।
‘ऑपरेशन महादेव’ और ‘अंतरिक्ष यात्रा’ पर विपक्ष की चुप्पी
किरेन रिजिजू ने ऑपरेशन महादेव पर संसद में हुई चर्चा को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी थी, जिसका पूरे देश ने स्वागत किया। इसके बावजूद, कांग्रेस समेत विपक्ष ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली।
उन्होंने एक और घटना का जिक्र किया, जब कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष यात्रा से लौटे थे। रिजिजू ने बताया कि संसद में उनके सम्मान में एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे रोक दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के दो-तीन सांसदों ने कहा कि कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में जाकर कोई बड़ा काम नहीं किया है, क्योंकि पैसे देकर कोई भी वहां जा सकता है। यह कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।”
असम के सीएम पर राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की गिरफ्तारी की मांग पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस में रहते हुए राहुल गांधी की हरकतों को करीब से देखा और उनकी सच्चाई को उजागर किया, जिससे राहुल गांधी परेशान हैं।” रिजिजू ने आरोप लगाया कि सीएम सरमा ने राहुल गांधी की नासमझी को देश के सामने लाकर उनकी ‘पोल खोल दी’, जिसके कारण राहुल गांधी बौखलाए हुए हैं।
‘अवैध घुसपैठ पर मोदी सरकार की सख्त नीति’
रिजिजू ने कांग्रेस पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने का भी आरोप लगाया, जिसके कारण असम और पूरे पूर्वोत्तर की जनसांख्यिकी और सुरक्षा पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, मोदी सरकार ने अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए सख्त नीतियां बनाई हैं। रिजिजू ने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अवैध घुसपैठियों को कोई जगह नहीं मिलेगी।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



