
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र बिहार, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लिए चुनाव प्रभारियों की घोषणा कर दी है। बिहार में नवंबर में होने वाले चुनाव को देखते हुए पार्टी ने यहां की रणनीतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी है। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान को बिहार की चुनावी कमान सौंपे जाने को भाजपा की रणनीतिक सोच का हिस्सा माना जा रहा है। प्रधान को संगठन और चुनाव संचालन का लंबा अनुभव है। वे पहले भी बिहार में चुनाव प्रभारी रह चुके हैं और शानदार परिणाम दिला चुके हैं। 2010 के विधानसभा चुनाव में जब वे सह प्रभारी थे, तब एनडीए ने 243 में से रिकॉर्ड 206 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया था। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में भी प्रधान की अगुवाई में भाजपा को बिहार की 40 में से 31 सीटें मिली थीं।
प्रधान की चुनावी सफलता केवल बिहार तक सीमित नहीं रही। 2017 में उत्तराखंड में सह प्रभारी रहते हुए उन्होंने पार्टी को बड़ी जीत दिलाई। 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वे नंदीग्राम सीट के प्रभारी थे, जहां ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा। 2022 में उत्तर प्रदेश में भी प्रधान ने चुनाव प्रभारी के रूप में भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी दिलाई।

केशव प्रसाद मौर्य को बिहार का सह प्रभारी बनाए जाने को भाजपा की सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मजबूत जनाधार रखने वाले मौर्य की संगठनात्मक पकड़ और पिछड़े वर्गों में प्रभाव को बिहार में भुनाने की रणनीति है। वहीं, सीआर पाटिल का प्रशासनिक अनुभव और संगठन कौशल भी बिहार चुनाव में भाजपा के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और तमिलनाडु के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वैजयंत जय पांडा को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा ने इन नियुक्तियों के जरिए आगामी चुनावों में अपनी रणनीति को धार देने की कोशिश की है।
बिहार में धर्मेंद्र प्रधान की वापसी और केशव मौर्य जैसे नेताओं की भागीदारी से भाजपा को चुनावी बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी ने अनुभवी नेतृत्व के सहारे राज्य में मजबूत प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



