
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें 111 नामों का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद इन नामों पर मुहर लगी है।
दिग्गजों पर दांव और समीकरणों का तालमेल
भाजपा की इस दूसरी सूची में कई हाई-प्रोफाइल नाम शामिल हैं। पार्टी ने माथाभांगा (एससी) सीट से निशीथ प्रामाणिक को मैदान में उतारा है, जो क्षेत्र के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वहीं, टॉलीगंज जैसी ग्लैमरस और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट पर पापिया अधिकारी को टिकट दिया गया है। सोनारपुर दक्षिण से मशहूर अभिनेत्री और पूर्व सांसद रूपा गांगुली को उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने साफ कर दिया है कि वह सेलिब्रिटी चेहरों और अनुभवी नेताओं के मिश्रण के साथ चुनाव लड़ रही है।

उत्तर बंगाल और सुरक्षित सीटों पर विशेष फोकस
इस सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि भाजपा ने उत्तर बंगाल और आरक्षित (SC/ST) सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मेक्लिगंज (एससी) से दधिराम रॉय, मदारीहाट (एसटी) से लक्ष्मण लिम्बु और जलपाईगुड़ी (एससी) से अनंत देब अधिकारी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, मयनागुड़ी से कौशिक रॉय और माल (एसटी) से सुकरा मुंडा को टिकट देकर पार्टी ने जनजातीय वोट बैंक को साधने की कोशिश की है।

मैदान में नए चेहरे और महत्वपूर्ण बदलाव
भाजपा ने दूसरी लिस्ट में कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल किए हैं और पहली लिस्ट के समीकरणों को दुरुस्त किया है। बैरकपुर से कौस्तग बागची और बारासात से शंकर चटर्जी को जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि पार्टी ने बिष्णुपुर (एससी) सीट पर अपना उम्मीदवार बदलते हुए अब विस्वजीत खान पर भरोसा जताया है। वहीं, जॉयपुर विधानसभा सीट पर बिस्वजीत महतो को भाजपा ने अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है।

मिशन बंगाल: अब तक 255 उम्मीदवारों का ऐलान
इससे पहले सोमवार को भाजपा ने 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। दूसरी सूची के 111 नामों के साथ अब पार्टी ने कुल 255 सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा ने इस बार उम्मीदवारों के चयन में जमीनी फीडबैक और जातीय समीकरणों को प्राथमिकता दी है, ताकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को कड़ी चुनौती दी जा सके।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



