
हरियाणा सरकार के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। शनिवार को अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। विज ने राहुल गांधी की राजनीति की तुलना रामलीला के पात्रों से करते हुए कांग्रेस के मौजूदा स्वरूप पर तीखा कटाक्ष किया।
वर्दियां बदल-बदल कर ‘सीन’ क्रिएट कर रही कांग्रेस
अनिल विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस को ‘रामलीला पार्टी’ बनाकर छोड़ दिया है। विज ने उदाहरण देते हुए कहा, “जिस तरह रामलीला में एक ही कलाकार अलग-अलग भूमिकाएं निभाता है—कभी वह राम की सेना में होता है, तो कभी रावण की सेना में—उसी तरह कांग्रेस के लोग भी नाटक कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के पास अब असली जनाधार नहीं बचा है, इसलिए उनके कार्यकर्ता कभी किसान, कभी मजदूर तो कभी व्यापारी बनकर आ जाते हैं। विज के अनुसार, ये लोग केवल वर्दियां बदल-बदल कर राजनीतिक सीन क्रिएट करने की कोशिश कर रहे हैं।

सदन बाधित करने की रणनीति पर उठाए सवाल
सदन की कार्यवाही में लगातार हो रहे व्यवधान पर मंत्री अनिल विज ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात कहना और जनता के मुद्दे उठाना जरूरी है, लेकिन घर से ही यह सोचकर आना कि सदन नहीं चलने देना है, यह पूरी तरह गलत है। विज ने कहा, “राहुल गांधी कभी कोई किताब दिखाते हैं तो कभी कुछ और। उन्हें 140 करोड़ भारतीयों के वास्तविक मुद्दे उठाने चाहिए, उन्हें कोई नहीं रोकता।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जानबूझकर सदन बाधित करते हैं ताकि जन कल्याण के कार्य न हो सकें। इसके लिए देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
पूर्वोत्तर में विकास और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन
असम में नेशनल हाईवे पर फाइटर जेट्स की सफल इमरजेंसी लैंडिंग पर अनिल विज ने खुशी जाहिर की। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि यह मोदी सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि पहले के प्रधानमंत्री चीन के डर से नॉर्थ ईस्ट जाने तक से कतराते थे और उस क्षेत्र को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया था।
मोदी सरकार का ‘एक्ट ईस्ट’ विजन
विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज पूर्वोत्तर भारत में सड़कों का जाल बिछाया गया है और रेल कनेक्टिविटी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर फाइटर जेट उतारकर पीएम मोदी ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसे आज पूरा विश्व देख रहा है। कांग्रेस ने जो विकास दशकों तक नहीं किया, वह आज धरातल पर दिखाई दे रहा है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



