
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का शोर आज शाम थम जाएगा। 6 नवंबर को राज्य के 18 जिलों में होने वाले मतदान के लिए, आज शाम 5 बजे के बाद प्रचार पूरी तरह थम जाएगा, जिसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर ही संपर्क कर सकेंगे। राज्य के मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में पहले चरण में वोट डाले जाएंगे।

मतदाता और प्रत्याशियों का आंकड़ा
पहले चरण के मतदान में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन विशाल संख्या में मतदाताओं के लिए 45 हजार 341 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं। चुनावी मैदान में कुल 1314 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन ने मतदान की तैयारियों को तेज कर दिया है। सुरक्षा और मतदान कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। सभी जिलों में 5 नवंबर की शाम तक डिस्पैच सेंटर से ईवीएम, वीवीपैट और अन्य आवश्यक चुनाव सामग्री मतदान केंद्रों तक पहुँचा दी जाएगी। मतदान दल और सुरक्षा बलों को उनके नियत मतदान स्थलों तक रवाना किया जा रहा है, ताकि 6 नवंबर की सुबह मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो सके।
6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान का समय घटाया गया
सुरक्षा संवेदनशीलता और स्थानीय प्रशासन के आग्रह को ध्यान में रखते हुए, चुनाव आयोग ने पहले चरण की 6 विधानसभा सीटों के लिए मतदान का समय एक घंटे घटा दिया है।

अब इन सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा।
जिन 6 विधानसभा सीटों पर मतदान का समय कम किया गया है, उनके कुल 2135 मतदान केंद्र प्रभावित होंगे। इनमें सिमरी बख्तियारपुर (410 बूथ), महिषी (361 बूथ), तारापुर (412 बूथ), मुंगेर (404 बूथ), जमालपुर (492 बूथ) और सूर्यगढ़ा (56 बूथ) शामिल हैं। हालांकि, पहले चरण की बाकी 115 विधानसभा सीटों के 43,206 मतदान केंद्रों पर मतदान सामान्य रूप से सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
दिग्गजों की साख दांव पर
पहले चरण की इन 121 सीटों पर कई राजनीतिक दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। इनमें दोनों उप-मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, का नाम प्रमुख है। इसके अलावा, 15 मंत्रियों की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होना है। इन मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पाडेय, मदन सहनी, नीतीन नवीन, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, रत्नेशसादा, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेन्द्र मेहता, संजय सरावगी, डा. सुनील कुमार, जिवेश कुमार, राजू कुमार सिंह और कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं।
वहीं, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव, और अन्य प्रमुख नेता जैसे श्याम रजक, अनंत सिह, अमरेन्द्र पांडेय, हरिनारायण सिंह, उमेश कुशवाहा और अंतर्राष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह समेत कई दिग्गजों की किस्मत मतदाता 6 नवंबर को तय करेंगे।
इन सीटों पर मतदान के साथ ही बिहार की राजनीति की दिशा तय होनी शुरू हो जाएगी, जिसके परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



