
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर कमर कस ली है। पार्टी का मुख्य फोकस अब नए और युवा मतदाताओं को जोड़ने पर है। इसी क्रम में रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित भाजपा की एक अहम बैठक में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को इस मिशन को जमीनी स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए गए।
हर बूथ पर 100 और हर विधानसभा में 10-15 हजार नए वोटर का लक्ष्य
बैठक में यह तय किया गया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ेंगे। खासतौर पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को इस मुहिम में प्राथमिकता दी जाएगी। हर बूथ पर कम से कम 100 और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 से 15 हजार नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा,
“मतदाता पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, यह राजनीतिक जिम्मेदारी भी है। यह कार्यकर्ता की संगठनात्मक परिपक्वता को दर्शाता है कि वह अपने बूथ पर कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न दे।”
भाजपा का मूलमंत्र: ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं को मतदाता जोड़ने के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को भी हर मतदाता तक पहुंचाना चाहिए।
“हर मतदाता तक पहुंच, हर नाम शामिल हो – यही हमारा विजय का मूलमंत्र होगा।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हर कार्यकर्ता की इसमें सक्रिय भूमिका अनिवार्य होगी।
हर विधानसभा में ‘मतदाता प्रमुख’ की नियुक्ति
इस अभियान की निगरानी के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक मतदाता प्रमुख की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा हर मंडल पर भी एक प्रमुख और दो सह प्रमुख नामित किए जाएंगे, जो बूथ स्तर तक पूरे अभियान की निगरानी करेंगे। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी साथ-साथ चलाई जाए।
10 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
बैठक में यह भी तय किया गया कि भाजपा 10 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत करेगी। इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक हर मंडल में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी होगी।
इसके साथ ही 12 से 14 अगस्त के बीच प्रदेश भर के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।