
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके सरकारी आवास पर ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ। जब वह लोगों की शिकायतें सुन रही थीं, तभी एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद रेखा गुप्ता जमीन पर गिर गईं। फिलहाल, हमलावर को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
यह हमला मुख्यमंत्री के साप्ताहिक ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हुआ, जो भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद शुरू किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमला करने वाला व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर आया था। वह मुख्यमंत्री के करीब पहुंचा और उन पर एक भारी वस्तु फेंकने के बाद उन्हें थप्पड़ भी मारा। कुछ खबरों में यह भी बताया गया है कि 30 वर्षीय इस हमलावर ने हमला करने से पहले मुख्यमंत्री को कुछ दस्तावेज दिए थे।
सुरक्षा में चूक पर सवाल
हालांकि, इस हमले की कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को तुरंत चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस उपायुक्त (डी.सी.पी.) भी मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंच गए हैं।
इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक के तौर पर देखा जा रहा है। हमले के बाद, मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कौन है और उसने यह कदम क्यों उठाया। इस घटना ने दिल्ली की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है और कई राजनीतिक दलों ने इस हमले की निंदा की है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



