
भले ही भारत और अमेरिका को लेकर तमाम तरह की बातें सामने आ रही थीं, लेकिन अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक “बहुत बड़ा” व्यापार समझौता होने की संभावना जताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को नए स्तर पर ले जाने की तैयारी हो रही है। व्हाइट हाउस में आयोजित ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को ट्रंप ने यह बयान दिया।
उन्होंने कहा, “हमारे पास कुछ बेहतरीन समझौते हैं। हम एक और समझौता करने जा रहे हैं, संभवत: भारत के साथ। बहुत बड़ा। हम भारत के लिए रास्ते खोलने जा रहे हैं।” ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका व्यापार वार्ताओं में हो रही प्रगति का संकेत माना जा रहा है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, मुख्य वार्ताकार राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में, अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते की अगली चरण की वार्ता के लिए वाशिंगटन पहुंच चुका है। दोनों देश एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसे नौ जुलाई से पहले संपन्न किए जाने की उम्मीद है।
अमेरिका ने दो अप्रैल को घोषित उच्च शुल्क को फिलहाल नौ जुलाई तक के लिए निलंबित कर दिया है, जिससे यह स्पष्ट है कि दोनों पक्ष जल्दबाजी में किसी ठोस समाधान की ओर बढ़ना चाहते हैं।
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में सबसे बड़ी चुनौती कृषि और दुग्ध क्षेत्र को लेकर है। भारत अब तक किसी भी मुक्त व्यापार समझौते में दुग्ध क्षेत्र को खोलने से परहेज करता आया है, जबकि अमेरिका इस क्षेत्र में रियायतें चाहता है। इसके अलावा अमेरिका औद्योगिक वस्तुएं, मोटर वाहन (विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहन), वाइन, पेट्रोरसायन, सेब, आनुवंशिक रूप से संशोधित फसलें जैसे उत्पादों पर शुल्क रियायतों की मांग कर रहा है।
वहीं भारत की ओर से कपड़ा, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा, प्लास्टिक, रसायन, तिलहन, झींगा, अंगूर और केले जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों में अमेरिका से शुल्क छूट की मांग की जा रही है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका हर देश के साथ समझौता नहीं करेगा और कुछ देशों को केवल एक पत्र भेजकर “धन्यवाद” कहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका ने हाल ही में चीन के साथ भी व्यापार समझौता किया है, हालांकि उसका विवरण साझा नहीं किया।
इस घटनाक्रम को दोनों देशों के बीच मजबूत होते आर्थिक रिश्तों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।