
केरल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही निर्वाचन आयोग ने राज्य में निष्पक्ष, तटस्थ और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक सर्जरी शुरू कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ‘प्रलोभन मुक्त चुनाव’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आयोग ने केरल के 5 वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन अधिकारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
चुनाव आयोग द्वारा राज्य के मुख्य सचिव को लिखे गए पत्र के अनुसार, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया है।
कोझिकोड: आईपीएस अधिकारी नारायणन (डीआईजी रैंक) को कोझिकोड का नया जिला पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया है।
त्रिशूर: 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी थॉमसन जोस को त्रिशूर डीआईजी रेंज की कमान सौंपी गई है।
अलापुझा: 2015 बैच के आईएएस अधिकारी इनबासेखर को अलापुझा का जिला कलेक्टर-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) बनाया गया है।
कन्नूर (इरिकुर): वंदना एस. (केएएस) को राजस्व मंडल अधिकारी, थालीपरंब के साथ इरिकुर विधानसभा क्षेत्र का रिटर्निंग ऑफिसर (RO) नियुक्त किया गया है।
कन्नूर (धर्मदम): सचिन कृष्णा (केएएस) को जिला रजिस्ट्रार जनरल, कन्नूर के साथ धर्मदम निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है।
18 मार्च तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। केरल सरकार को निर्देशित किया गया है कि इन सभी अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की विस्तृत रिपोर्ट 18 मार्च 2026 को सुबह 11:00 बजे तक आयोग को प्रेषित की जाए। इसके अतिरिक्त, आयोग ने एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी है कि जिन अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने तक किसी भी चुनावी ड्यूटी या पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
केरल चुनाव का कार्यक्रम और राजनीतिक हलचल
केरल में चुनावी रणभेरी बज चुकी है। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि मतों की गणना 4 मई 2026 को की जाएगी। प्रशासनिक फेरबदल के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी तेज है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव के लिए अपनी कमर कसते हुए सोमवार को 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।

भाजपा की पहली सूची के प्रमुख नाम
भाजपा की ओर से जारी पहली लिस्ट में कई दिग्गजों को मैदान में उतारा गया है। मंजेश्वर सीट से के. सुरेंद्रन को टिकट दिया गया है, जबकि कन्नूर से सी. रघुनाथ और वडकारा से एडवोकेट के. दिलीप चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा सुल्तानबथेरी (एसटी) सीट से कविता ए.एस. और पेराम्बरा सीट से एम. मोहनन मास्टर के नाम प्रमुखता से शामिल हैं। आयोग के इस प्रशासनिक कदम और पार्टियों की तैयारियों से साफ है कि केरल में मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



