
झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में बुधवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के धनिया के आसपास लुगु पहाड़ और झुमरा पहाड़ के बीच हो रही इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। खबर है कि सुरक्षा बलों ने दो कुख्यात नक्सलियों को ढेर कर दिया है, जिसमें 25 लाख रुपए का इनामी नक्सली कुंवर मांझी भी शामिल है।
गुप्त सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोमिया प्रखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने लुगु पहाड़ और झुमरा पहाड़ के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने मोर्चा संभालते हुए दो नक्सलियों को मार गिराया।
मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का जवान घायल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि बाकी बचे नक्सलियों को भी पकड़ा जा सके।
लगातार नाकाम हो रही नक्सलियों की साजिश
गौरतलब है कि सुरक्षा बलों ने हाल के दिनों में नक्सलियों की कई बड़ी साजिशों को नाकाम किया है। 4 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र में पुलिस ने 30 शक्तिशाली आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए थे। ये आईईडी सुरक्षा बलों और पुलिस को निशाना बनाने के लिए लगाए गए थे। सभी विस्फोटक दो-दो किलो वजन के थे और इन्हें बम निरोधक दस्ते की मदद से सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया गया।
डेटोनेटर भी भारी मात्रा में बरामद
इसी महीने 1 जुलाई को टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी जंगल में माओवादी नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए करीब 18 हजार डेटोनेटर भी पुलिस ने बरामद किए थे। इनका इस्तेमाल आईईडी बनाने में किया जाता है। इन बरामदगियों से साफ है कि नक्सली संगठन बड़ी घटनाओं की फिराक में थे लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
बोकारो समेत झारखंड के अन्य नक्सल प्रभावित जिलों में सुरक्षा बलों ने अपनी गतिविधियां और सघन कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हालत में नक्सलियों को फिर से सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा। सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा और ग्रामीणों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



