
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बिहार की डबल इंजन सरकार पर तीखा तंज कसा है और आगामी चुनाव में उसकी विदाई का दावा किया है।
सोशल मीडिया पर लालू का वार
चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद, लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए एनडीए गठबंधन पर सीधा हमला बोला। उन्होंने अपने खास अंदाज़ में लिखा:
“छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह।”
लालू यादव ने इस पोस्ट के जरिए साफ संकेत दिया कि 6 नवंबर (पहले चरण का मतदान) और 11 नवंबर (दूसरे चरण का मतदान) के बाद, बिहार से एनडीए सरकार की भाग जाना (नौ दो ग्यारह हो जाना) तय है। यह पहली बार नहीं है जब राजद प्रमुख ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर कटाक्ष किया है; वह अक्सर इस तरह से अपनी बात रखते रहे हैं।
भ्रष्टाचार और नेतृत्व परिवर्तन का आरोप
एक अन्य पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बिहार की डबल इंजन सरकार का मतलब ही “भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार” है।
लालू यादव ने जनता से इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि:—-“इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलना है। इस बार बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री को बदलना है और सरकार भी बदलेंगे।”
लालू प्रसाद यादव लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर हमलावर रहे हैं और उन्होंने कई बार नेतृत्व परिवर्तन की बात दोहराई है।
तेजस्वी को भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेश करना
लालू यादव न सिर्फ वर्तमान सरकार की विदाई का दावा कर रहे हैं, बल्कि वह बिहार का अगला नेतृत्व अपने बेटे और राजद नेता तेजस्वी यादव में देखते हैं। उन्होंने विभिन्न मंचों से जनता से तेजस्वी को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपील भी की है। एक पोस्ट में उन्होंने अपनी आकांक्षा व्यक्त करते हुए लिखा था:—“तेजस्वी के नेतृत्व में, नया बिहार बनाएंगे।”
लालू यादव का यह आक्रामक रुख स्पष्ट करता है कि इंडिया ब्लॉक पूरी ताकत से चुनाव में उतरने और सत्ता हासिल करने की तैयारी में है, जिसमें तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश किया जा रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को होगा। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी होंगे। राजनीतिक गलियारों में लालू यादव के इस तंज को चुनावी माहौल को गरमाने वाला बयान माना जा रहा है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



