
हरियाणा की राजनीति में एक नया मुद्दा जोर पकड़ रहा है। भाजपा विधायक राम कुमार गौतम ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में एक ऐसा कानून बनाने की मांग रखी है, जो शादी से पहले माता-पिता की सहमति को अनिवार्य करे। उनका कहना है कि आज के युवा जो माता-पिता की मर्जी के बिना घर से भागकर शादी कर रहे हैं, उससे परिवारों में गंभीर संकट पैदा हो रहा है।
विधायक और राज्यसभा सदस्य का बयान
विधायक राम कुमार गौतम ने अपनी मांग के पीछे का तर्क बताते हुए कहा, “कई बार बच्चों के भाग जाने से परिवारों को गंभीर संकट जैसे आत्महत्या तक का सामना करना पड़ता है।” उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस सामाजिक समस्या को रोकने के लिए एक कानून बनाया जाए, जिसमें विवाह से पहले माता-पिता की अनुमति को अनिवार्य किया जाए।
इस मुद्दे पर भाजपा से राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस मुद्दे को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताया और कहा कि इससे सामाजिक वातावरण को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुजुर्गों को समान रूप से विचार करने की आवश्यकता है, ताकि समाज में समस्याएं न बढ़ें।
सामाजिक मर्यादा और युवाओं की भावनाओं में संतुलन
सुभाष बराला ने कहा कि इस मुद्दे पर युवाओं की आकांक्षाओं और भावनाओं का सम्मान करना भी जरूरी है। उन्होंने सामाजिक मानदंडों और संस्कृति को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका मानना है कि यह मुद्दा युवाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक मर्यादाओं के बीच संतुलन की मांग करता है। बराला ने कहा कि प्रयास यह रहना चाहिए कि सामाजिक समरसता बनी रहे और समाज के वातावरण को किसी भी तरह का नुकसान न हो।
खेल महोत्सव का भी जिक्र
इस बीच, सुभाष बराला ने आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 से लेकर 31 अगस्त तक खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरे देश और प्रदेश में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि 29 अगस्त से युवाओं के लिए एक पोर्टल खोला जाएगा, जहां वे अलग-अलग खेलों के लिए अपना पंजीकरण करा सकेंगे। बराला ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं से ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि इन प्रयासों से नई-नई युवा प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो देश का नाम रोशन करेंगी।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



