
शुक्रवार को देश भर में ईद मिलाद-उन-नबी और ओणम का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। इन अवसरों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द, शांति और एकता का संदेश दिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में देशवासियों को ईद मिलाद-उन-नबी की बधाई देते हुए कहा, “पैगंबर मुहम्मद (स.) के जन्मदिन के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। पैगंबर साहब ने एकता और मानवता की सेवा का जो संदेश दिया है, वह आज भी प्रासंगिक है। हमें उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर भाईचारे की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”
साथ ही उन्होंने ओणम के अवसर पर भी देश और विदेश में रहने वाले केरलवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “ओणम के शुभ अवसर पर मैं सभी नागरिकों को, विशेष रूप से केरल के भाइयों और बहनों को, हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को दोनों त्योहारों की बधाई दी। मिलाद-उन-नबी पर अपने संदेश में उन्होंने लिखा, “मिलाद-उन-नबी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पवित्र दिन हमारे समाज में शांति और कल्याण लाए। करुणा, सेवा और न्याय के मूल्य हमें हमेशा मार्गदर्शन करें। ईद मुबारक!”
ओणम के लिए प्रधानमंत्री ने लिखा, “सभी को ओणम की हार्दिक शुभकामनाएं। यह खूबसूरत त्योहार सभी के लिए नई खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। यह पर्व केरल की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक गौरव और एकता का प्रतीक है। यह अवसर समाज में सौहार्द की भावना को और मजबूत करे, और प्रकृति के साथ हमारे संबंध को गहरा करे।”
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी दोनों पर्वों पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “मिलाद-उन-नबी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार मानवता के लिए शांति, खुशी और सेवा की भावना लेकर आए।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मिलाद-उन-नबी और ओणम के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर मनाया जाने वाला यह पर्व समाज में शांति और सद्भाव को नई प्रेरणा देगा।” ओणम को उन्होंने समृद्धि, सौहार्द और सांस्कृतिक उल्लास का प्रतीक बताया और किसानों को विशेष बधाई दी।
विपक्षी दलों ने भी इन त्योहारों पर शुभकामनाएं दीं और लोगों को सौहार्द व एकता का संदेश दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईद मिलाद-उन-नबी पर कहा, “यह पावन अवसर शांति, समृद्धि और करुणा का संदेश लेकर आए और सभी को सद्भाव की भावना से एकजुट करे।”
ओणम पर खड़गे ने लिखा, “ओणम जीवन, आशा, हमारे पौराणिक अतीत और विविध धर्मनिरपेक्ष परंपराओं का उत्सव है। इसकी फसल और नवीनीकरण की भावना सभी को समृद्धि और बंधुत्व की प्रेरणा देती है।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी ओणम की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “ओणम की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।” साथ ही उन्होंने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने ओणम को भारत की एकता और विविधता का प्रतीक बताया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ओणम की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “ओणम की प्रेम, करुणा और एकता की भावना आपके घर और हृदय में व्याप्त हो। आप और आपके प्रियजनों को शांतिपूर्ण और आनंदमय ओणम की शुभकामनाएं।”
केरल में हर साल 10 दिनों तक ओणम का उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व न केवल कृषि के फलस्वरूप मिलने वाली समृद्धि का उत्सव है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।
ईद मिलाद-उन-नबी और ओणम, दोनों पर्व हमें यह याद दिलाते हैं कि विविधता में ही हमारी सच्ची शक्ति है। सभी धर्मों और समुदायों के लोग जब एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनते हैं, तभी भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।
इन शुभ अवसरों पर नेताओं के संदेश ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि त्यौहार केवल परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



