
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा,
“राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
प्रधानमंत्री की यह शुभकामना उस राजनीतिक सौहार्द्र का प्रतीक मानी जा रही है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद को मजबूत करता है।
नितिन गडकरी ने की समृद्ध जीवन की कामना
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी खड़गे को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने लिखा,
“भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करें कि यह अवसर आपके लिए खुशियां लेकर आए और आने वाला वर्ष स्वास्थ्य और समृद्धि से भरा रहे।”
विपक्ष और सहयोगी दलों से भी शुभकामनाएं
कांग्रेस के सहयोगी दलों और विपक्षी नेताओं ने भी खड़गे के योगदान को सराहते हुए शुभकामनाएं दीं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने उन्हें एक “मजबूत और संकल्पशील नेता” बताते हुए लिखा:
“आपने देश को बांटने और हमारी एकता को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े होकर भारत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनता की गरिमा और सामूहिक इच्छाशक्ति को कायम रखते हुए आपके दृढ़ संकल्प, अच्छे स्वास्थ्य और बुद्धिमत्ता की कामना करता हूं।”
कांग्रेस शासित राज्यों से भावनात्मक संदेश
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खड़गे के राजनीतिक जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए लिखा:
“आपने जनसेवा, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय के लिए जिस प्रतिबद्धता, निष्ठा और संघर्षभाव से कार्य किया है, वह हम सभी के लिए प्रेरणा है।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे के दीर्घायु और निरोगी जीवन की प्रार्थना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



