
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोलंबिया में दिए गए उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, जिसमें उन्होंने देश के लोकतंत्र पर खतरा होने का दावा किया था, भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने पलटवार किया है। वल्लभ ने स्पष्ट कहा है कि देश में लोकतंत्र खतरे में नहीं है, बल्कि असल खतरा कांग्रेस पार्टी के अस्तित्व और राहुल गांधी के राजनीतिक करियर को है।
गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी के लगातार विदेशी दौरों पर भारत के आंतरिक मामलों को उठाने और नकारात्मक बयानबाजी करने की प्रवृत्ति पर कड़ा ऐतराज जताया।
‘भारत हमेशा संविधान के तहत चला है’
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने राहुल गांधी के लोकतंत्र को खतरे में बताने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी दावा करते हैं कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। लेकिन, असल में खतरा कांग्रेस पार्टी के अस्तित्व और राहुल गांधी के राजनीतिक करियर को है।”
उन्होंने भारतीय संविधान और लोकतंत्र की मजबूती पर जोर देते हुए कहा, “लोकतंत्र और संविधान की बात करें तो, देश हमेशा से इनके तहत ही चला है, आज भी चलता है और आने वाले सैकड़ों सालों तक चलता रहेगा।”
वल्लभ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जानबूझकर देश में अशांति फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अक्सर देश में अशांति फैलाते हैं, जब भी वे विदेश जाते हैं, तो भारत के खिलाफ बोलने और देशविरोधी बयान देने के लिए बेचैन रहते हैं।”
विदेशी धरती पर भारत विरोधी काम करने का आरोप
गौरव वल्लभ ने आगे आरोप लगाया कि राहुल गांधी का विदेशी धरती पर जाकर देश विरोधी बयान देना कांग्रेस की “छोटी, घटिया और संकुचित मानसिकता” को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर लोगों को भड़काने का काम करते हैं और जब भी वे विदेशी धरती पर जाते हैं तो भारत-विरोधी काम करने में आगे हो जाते हैं। वल्लभ ने सवाल उठाया, “वहाँ पर वह पता नहीं किन-किन लोगों से बैठकें करते हैं और भारत के खिलाफ बयान देते हैं।”

वल्लभ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक कद की तुलना कांग्रेस के दृष्टिकोण से करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मान देती है। उन्हें 30 से अधिक देशों के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता कभी उनके परिवार को लेकर अपमानजनक शब्द बोलते हैं। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।
‘कांग्रेस के विचारों का वध होना चाहिए’
गौरव वल्लभ ने कांग्रेस के विचारों को देश विरोधी बताते हुए उसकी तुलना पौराणिक कथाओं से की। उन्होंने कहा, “मैं कहना चाहूंगा कि जिस प्रकार भगवान राम ने रावण का वध किया था, उसी प्रकार कांग्रेस पार्टी के इन विचारों का वध होना चाहिए,” क्योंकि ये विचार भारत-विरोधी हैं, हमारी संस्कृति-विरोधी हैं और हमारी सभ्यता-विरोधी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यह मानसिकता खतरनाक है। भाजपा नेता ने कहा कि ये वही मानसिकता है जो लोगों को “सिर तन से जुदा करने वाली” सोच की ओर ले जाती है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी मानसिकता और ऐसे विचारों का भारत में कोई स्थान नहीं हो सकता है।
अपने बयान के अंत में, गौरव वल्लभ ने आरएसएस के सभी स्वयंसेवकों और देश के सभी राष्ट्रभक्त नागरिकों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि वे सब एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं।

राजनीति में विरोधी खेमे को खोदने और चिढ़ाने वाली खबरों को अलग महत्व होता है। इसके लिए नारद बाबा अपना कालम लिखेंगे, जिसमें दी जाने वाली जानकारी आपको हंसने हंसाने के साथ साथ थोड़ा सा अलग तरह से सोचने के लिए मजबूर करेगी। 2 दशक से पत्रकारिता में हाथ आजमाने के बाद अब नए तेवर और कलेवर में आ रहे हैं हम भी…..



