
तेलंगाना सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उद्योगों और कारखानों में रोजाना 10 घंटे काम करने की अनुमति दे दी है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब देशभर में सप्ताह में काम के घंटों को लेकर बहस छिड़ी हुई है। हालांकि यह नियम दुकानों, मॉल और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर लागू नहीं होगा। 8 जुलाई 2025 से यह आदेश पूरे तेलंगाना में लागू हो जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कंपनियां हफ्ते में अधिकतम 48 घंटे तक कर्मचारियों से काम ले सकती हैं। यानी छह दिन की शिफ्ट में प्रतिदिन 8 घंटे से ज्यादा काम कराना संभव होगा, लेकिन इसका ओवरटाइम भुगतान करना अनिवार्य होगा। साथ ही, रोजाना छह घंटे से ज्यादा की शिफ्ट में 30 मिनट का भोजन अवकाश अनिवार्य कर दिया गया है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के आदेश के अनुसार, यदि कोई कंपनी कर्मचारियों से 10 घंटे की शिफ्ट में काम कराती है, तो उसे सभी बुनियादी सुविधाएं देना अनिवार्य होगा। ओवरटाइम के तहत किसी कर्मचारी से 12 घंटे से अधिक काम नहीं कराया जा सकता। साथ ही, हर तिमाही में कुल ओवरटाइम घंटे 144 से ज्यादा नहीं हो सकते। नियमों का उल्लंघन करने पर कंपनियों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
सरकार का दावा है कि यह निर्णय राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और कारोबार के अनुकूल माहौल तैयार करने के उद्देश्य से लिया गया है। इससे उद्योगों को अधिक लचीलापन मिलेगा और उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जा सकेगी।
हालांकि इस आदेश की मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और श्रम विशेषज्ञों ने आलोचना की है। उनका कहना है कि यह प्रावधान कर्मचारियों के शोषण का रास्ता खोल सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतर कंपनियां ओवरटाइम का सही रिकॉर्ड नहीं रखतीं और श्रमिकों को उसका समुचित भुगतान नहीं मिलता। कई बार कर्मचारियों को अत्यधिक काम के बावजूद तय वेतन में ही काम करने के लिए मजबूर किया जाता है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि अधिक काम का सीधा असर कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। इससे कार्यस्थल पर उत्पादकता में गिरावट और तनावजन्य बीमारियों में वृद्धि हो सकती है।
तेलंगाना सरकार के इस फैसले ने राज्य में औद्योगिक क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं के द्वार तो खोल दिए हैं, लेकिन इसके साथ ही श्रमिक कल्याण और अधिकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं। आने वाले समय में देखना होगा कि यह कानून किस हद तक कारोबार और कर्मचारियों के बीच संतुलन बना पाता है।

Team that uploads the news for you