
पूर्णिया से लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बुधवार को कहा कि भारतीय राजनीति का स्तर सबसे निचले पायदान पर पहुंच चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की राजनीति हमेशा विचारों और सिद्धांतों पर आधारित रही है, लेकिन आज की स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है, जहां राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन आम बात हो गई है।
‘भाजपा नेता भूल चुके हैं भाषाई मर्यादा’
पप्पू यादव ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अपनी भाषाई मर्यादा भूल चुके हैं। यादव ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कभी भी इन बातों को मुद्दा बनाने की कोशिश नहीं की।
यादव ने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं ने बिहार के लोगों के बारे में भी अपमानजनक टिप्पणियां की हैं, और बिहार की जनता इन बातों को भूली नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय आने पर इन सभी बातों का जवाब जरूर दिया जाएगा।
‘एनडीए ने स्वीकार कर ली है अपनी हार’
बिहार में आने वाले विधानसभा चुनावों के संबंध में पप्पू यादव ने दावा किया कि एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि एनडीए को यह अहसास हो चुका है कि बिहार की जनता उन्हें निश्चित रूप से खारिज करने जा रही है। यादव ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने हमेशा बिहार की जनता के हितों की अनदेखी की है। ऐसी स्थिति में, उन्हें अब यह उम्मीद छोड़ देनी चाहिए कि वे राज्य में सत्ता में लौटेंगे।
‘राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की सफलता’
सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हाल ही में संपन्न हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की जमकर तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा की सफलता से एनडीए में खौफ का माहौल है। यादव ने कहा कि इस यात्रा के बाद लोगों का विश्वास राहुल गांधी में बढ़ा है और उनके पक्ष में राजनीतिक माहौल लगातार सकारात्मक होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ इस यात्रा की वजह से ही संभव हो पाया है।

दरभंगा गाली प्रकरण पर सफाई
हाल ही में बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री के संबंध में की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद पर पप्पू यादव ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं और राजनीतिक लाभ लेने के लिए इसे बिहार से जोड़ रहे हैं।
पप्पू यादव ने स्पष्ट किया कि वह अमर्यादित टिप्पणी राहुल गांधी के मंच से नहीं की गई थी, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति ने यात्रा के दौरान एक अलग मंच स्थापित किया था, जहां से यह अपमानजनक टिप्पणी की गई थी।
उन्होंने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि एक तरफ राहुल गांधी ने अपने पिता के हत्यारों को माफ कर दिया था, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग सोनिया गांधी के संबंध में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। यादव ने कहा कि आज की राजनीति में ऐसे व्यक्तिगत हमलों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



