
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, “फडणवीस जी महाराष्ट्र की प्रगति और गरीबों व वंचितों के सशक्तिकरण के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दीर्घायु और स्वस्थ जीवन जिएं।” पीएम मोदी की इस शुभकामना से यह स्पष्ट है कि केंद्र सरकार उन्हें महाराष्ट्र में विकास और सुशासन के मजबूत स्तंभ के रूप में देखती है।
अमित शाह और नितिन गडकरी ने गिनाए उपलब्धियां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फडणवीस को पारदर्शी शासन का प्रतीक बताते हुए कहा, “आप मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के पुनरुत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गरीबों और वंचितों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में आपकी प्रतिबद्धता प्रशंसनीय है।” वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें “यशस्वी मुख्यमंत्री” कहा।
एकनाथ शिंदे ने बताया ‘विकास यात्रा का गुमनाम नायक’
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फडणवीस को “कुशल प्रशासक, कानून और अर्थशास्त्र के जानकार, और दूरदर्शी नेता” बताते हुए कहा कि वे महायुति सरकार के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस जनता की आवाज बनकर महाराष्ट्र को आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। शिंदे ने उन्हें “विकास यात्रा का गुमनाम नायक” करार दिया।
राजनीतिक सफर रहा है शानदार
देवेंद्र फडणवीस का जन्म 22 जुलाई 1970 को नागपुर में हुआ था। उन्होंने कानून और व्यवसाय प्रबंधन की पढ़ाई की। 1992 में पार्षद के रूप में उनका राजनीतिक सफर शुरू हुआ और 1999 में वे पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार चार बार चुनाव जीतते रहे। 2014 में मुख्यमंत्री बनने वाले फडणवीस 2019 तक इस पद पर रहे और 2022 में पुनः मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुए।
बुनियादी ढांचे और पारदर्शिता पर रहा विशेष फोकस
फडणवीस ने अपने कार्यकाल में ग्रामीण विकास, शहरी बुनियादी ढांचे और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता दी। उनकी नीतियों और योजनाओं ने महाराष्ट्र को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है। जन्मदिन के अवसर पर देश भर से मिल रही शुभकामनाएं इस बात का संकेत हैं कि उन्हें एक प्रभावशाली और जनहितैषी नेता के रूप में व्यापक सम्मान प्राप्त है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।