
कर्नाटक में राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने 5 अगस्त को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है, जिसमें पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और सभी विधायक शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से लोकसभा चुनावों में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोटों की हेराफेरी के खिलाफ किया जाएगा।
मांड्या से कर्नाटक के मंत्री एन. चालुवरायास्वामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मांड्या जिले से लगभग 5,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर गहरी चिंता जताई है और पार्टी ने छह महीने तक मतदाता सूची की बूथवार जांच की है, जिसमें बड़ी संख्या में फर्जी वोटरों का पता चला है।
चालुवरायास्वामी ने कहा,–
“राहुल गांधी ने संसद में भी इस बात को उठाया था कि गांधीनगर से लेकर बेंगलुरु तक मतदाता सूची में बड़ा अंतर है। खासतौर पर महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूचियों में काफी फर्क पाया गया है।”
इससे पहले प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन अब चुनाव आयोग ने अनुमति दे दी है और 5 अगस्त को यह विरोध प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। प्रदर्शन में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिलेगी। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर पहले ही चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
किसानों की आत्महत्या पर चिंता जताई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री चालुवरायास्वामी ने प्रदेश में किसानों की बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों के लिए पांच गारंटी योजनाएं लागू की हैं, लेकिन फिर भी आत्महत्या के कुछ मामले सामने आ रहे हैं। इस विषय पर पुलिस और एक निजी संस्था से जांच कराई जा रही है।
धर्मस्थल प्रकरण पर SIT की जांच जारी
धर्मस्थल प्रकरण के संदर्भ में मंत्री ने कहा कि SIT जांच शुरू हो चुकी है। जांच के दौरान विभिन्न पक्षों की बहस होना स्वाभाविक है, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
खाद की कमी को लेकर भाजपा पर आरोप
कृषि मंत्री ने खाद की कमी को लेकर भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा–
“कुछ हद तक खाद की दिक्कत जरूर है, लेकिन भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा प्रचार पूरी तरह गलत और भ्रामक है। भाजपा जानबूझकर किसानों को गलत सूचना दे रही है और कुछ कार्यकर्ताओं के जरिए भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।”
उन्होंने बताया कि अप्रैल से जुलाई के बीच 6.85 लाख मीट्रिक टन खाद की आपूर्ति होना थी, लेकिन अभी 1.25 लाख मीट्रिक टन यूरिया की कमी है, जिसके कारण थोड़ी समस्या उत्पन्न हुई है।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



