
पंजाब में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों को रोकने के लिए गठित सेलेक्ट कमेटी की पहली बैठक आज गुरुवार सुबह 11 बजे पंजाब विधानसभा भवन में आयोजित की जा रही है। इस कमेटी की अध्यक्षता विधायक डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर कर रहे हैं।
छह महीने में देनी होगी रिपोर्ट
सरकार ने कमेटी को बेअदबी कानून के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन करने और छह महीने के भीतर रिपोर्ट तैयार कर विधानसभा में पेश करने की जिम्मेदारी सौंपी है। रिपोर्ट के आधार पर कानून को और अधिक सख्त व प्रभावी बनाया जाएगा।
पंजाब पवित्र ग्रंथ एक्ट 2025
इस कानून को “पंजाब पवित्र ग्रंथ एक्ट 2025” के नाम से जाना जाता है। इसका उद्देश्य गुरु ग्रंथ साहिब, कुरान, बाइबल, भगवद गीता जैसे धार्मिक ग्रंथों और प्रतीकों की बेअदबी को रोकना और धार्मिक सौहार्द बनाए रखना है।
सख्त सजा का प्रावधान
इस कानून के तहत बेअदबी के दोषी को 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। यदि अपराध बार-बार किया जाए या उसके परिणामस्वरूप हिंसा या मृत्यु हो, तो उम्रकैद तक की सजा दी जा सकती है।

सभी दलों और समाज से जुड़े सदस्य होंगे शामिल
कमेटी में विभिन्न राजनीतिक दलों के विधायक और कानूनी व सामाजिक विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। बैठक में धार्मिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के सुझावों को भी शामिल करने की योजना है, जिससे कानून का दायरा व्यापक और व्यवहारिक हो सके।
‘आप’ सरकार की गंभीरता
बेअदबी की घटनाओं को लेकर पिछले वर्षों में पंजाब में कई बड़े विवाद और आंदोलन हुए। जनता और धार्मिक संस्थाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी सरकार ने इस कानून को प्राथमिकता दी है। कानून को पारित करने के बाद अब इसे और सशक्त बनाने के लिए सेलेक्ट कमेटी की पहल की गई है।
धार्मिक सौहार्द के लिए महत्वपूर्ण कदम
सरकार का कहना है कि यह बैठक और आगामी रिपोर्ट पंजाब की गंगा-जमुनी तहजीब और धार्मिक सौहार्द को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लोगों की आस्था और भावना को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को अब कानूनी रूप से सख्ती से रोका जा सकेगा।
सेलेक्ट कमेटी की यह बैठक पंजाब में धार्मिक सहिष्णुता बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस पहल मानी जा रही है। इसके जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान सर्वोपरि है, और कोई भी व्यक्ति या समूह इससे खिलवाड़ नहीं कर सकता।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।