
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रविवार को बिहार के सासाराम से अपनी बहुचर्चित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस यात्रा को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं का कहना है कि यह यात्रा न केवल विपक्ष के लिए बल्कि पूरे राज्य के लोकतांत्रिक माहौल के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी की यह यात्रा बिहार की राजनीति में नया समीकरण बना सकती है। महागठबंधन इसे जनता से सीधा संवाद करने का अवसर मान रहा है, वहीं भाजपा और एनडीए के लिए यह चुनौती साबित हो सकती है। बिहार जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील राज्य में इस यात्रा से आगामी चुनावी रणनीति पर गहरा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
तेजस्वी यादव का दावा – “14 करोड़ लोगों का आशीर्वाद मिलेगा”
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस यात्रा को लेकर मीडिया से कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार के 14 करोड़ लोगों का आशीर्वाद महागठबंधन को मिलेगा। तेजस्वी ने कहा, “लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। हम लोग जनता के बीच जा रहे हैं। वोट देना ही उनका अधिकार नहीं है, बल्कि वोट की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। इसी संदेश को हम जनता तक पहुंचाने जा रहे हैं।”
स्थानीय मुद्दों पर भी होगा फोकस
तेजस्वी यादव ने बताया कि यात्रा के दौरान जनता की समस्याओं को सुना जाएगा और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही महागठबंधन की ओर से यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार आम जनता के लिए क्या कदम उठाएगी। राजद नेता ने कहा कि यह उनकी पहली यात्रा नहीं है। “हम पहले भी जनता के बीच जाते रहे हैं और हर बार हमें भारी जनसमर्थन मिला है। इसी वजह से एनडीए के लोग घबराए रहते हैं।”
पीएम मोदी पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जब बिहार आते हैं तो बच्चों के स्कूल बंद करा दिए जाते हैं। सिर्फ डायलॉगबाजी करने से कुछ नहीं होता। जब पीओके कब्जा करने का मौका था, तब अमेरिका के राष्ट्रपति के कहने पर पीछे हट गए। आज चुनाव आते ही खोखले बयान दिए जा रहे हैं।”

‘डेमोग्राफी चेंज’ बयान पर पलटवार
हाल ही में दिए गए ‘डेमोग्राफी चेंज’ वाले बयान को लेकर तेजस्वी ने भाजपा और एनडीए पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “आखिर 11 साल से आप लोग क्या कर रहे थे? झारखंड में भी इस मुद्दे को उठाया गया था और वहां जनता ने करारा जवाब दिया था। जब-जब चुनाव आता है, तभी इन्हें घुसपैठियों की याद आती है। जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है।”
महागठबंधन को बहुमत मिलने का भरोसा
तेजस्वी यादव ने विश्वास जताया कि इस बार बिहार की जनता महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत देने जा रही है। उन्होंने कहा कि हर जाति और धर्म के लोग विपक्षी गठबंधन के साथ खड़े हैं। “जनता अब बदलाव चाहती है। यही कारण है कि अन्य राजनीतिक पार्टियां घबराहट में ऊटपटांग बयानबाजी कर रही हैं।”

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



