
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मंगलवार को पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह यात्रा सिर्फ ‘राजनीतिक पर्यटन’ और ‘फोटो खिंचवाने’ तक सीमित है, और इसे कहीं भी कोई समर्थन नहीं मिल रहा है।
मखाना के मुद्दे पर साधा निशाना
संजय झा ने राहुल गांधी के बिहार में मखाना के खेत में जाने को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “केवल पैंट मोड़कर मखाना के खेत में उतर जाने से मखाना के बारे में नहीं समझ सकते।” झा ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस की केंद्र और बिहार में सरकार थी, तब राहुल गांधी ने मखाना के लिए क्या किया था। उन्होंने कहा कि मखाना को जीआई टैग एनडीए सरकार के कार्यकाल में मिला, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका जमकर प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार के केंद्रीय बजट में मखाना बोर्ड बनाने का प्रस्ताव भी एनडीए सरकार ने ही दिया है।
झा ने कहा, “उन्हें क्या लेना-देना है बिहार से? बहुत तरह का पर्यटन होता है, धार्मिक पर्यटन होता है, तो अब राजनीतिक पर्यटन चल रहा है।”
सीएम फेस पर उठाए सवाल
संजय झा ने राहुल गांधी द्वारा ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए मुख्यमंत्री चेहरे को स्पष्ट न करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि वे बिहार में किसके चेहरे पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा, “उनके सीएम फेस कौन हैं, यह तो बताना ही चाहिए।”
इसके अलावा, हाल ही में सदन में पेश हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को हटाने वाले विधेयक पर संजय झा ने कहा कि यह विधेयक फिलहाल जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) में है, जिस पर अभी चर्चा होनी है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति जेल में रहते हुए सरकार कैसे चला सकता है, यह भी एक बड़ा सवाल है।
संजय झा के इस बयान से यह साफ है कि जदयू और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान जारी है, खासकर तब जब राहुल गांधी बिहार में अपनी यात्रा के माध्यम से कांग्रेस की जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

राजनीति में विरोधी खेमे को खोदने और चिढ़ाने वाली खबरों को अलग महत्व होता है। इसके लिए नारद बाबा अपना कालम लिखेंगे, जिसमें दी जाने वाली जानकारी आपको हंसने हंसाने के साथ साथ थोड़ा सा अलग तरह से सोचने के लिए मजबूर करेगी। 2 दशक से पत्रकारिता में हाथ आजमाने के बाद अब नए तेवर और कलेवर में आ रहे हैं हम भी…..



