
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की सत्ता से तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बेदखल करने के लिए अपने सबसे बड़े अभियान ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भाजपा इस यात्रा के माध्यम से राज्य के कोने-कोने तक पहुंचकर भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरने की तैयारी में है।
भ्रष्टाचार और लोकतंत्र पर भाजपा का हमला
कार्यक्रम की घोषणा करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सीपीआई-एम के 34 वर्षों के शासन के बाद, बंगाल की जनता ने एक बड़ी उम्मीद के साथ तृणमूल कांग्रेस को मौका दिया था। लेकिन पिछले 15 वर्षों में लोगों की उम्मीदें टूट चुकी हैं। भट्टाचार्य के अनुसार, राज्य में लोकतांत्रिक अधिकार पूरी तरह खत्म हो चुके हैं और भ्रष्टाचार अब एक संस्थागत रूप ले चुका है। इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा ‘परिवर्तन यात्रा’ के जरिए जनता के बीच जाएगी।
यात्रा का पूरा शेड्यूल: 5,000 किमी का सफर
भाजपा ने इस बार बेहद व्यापक स्तर पर योजना बनाई है। पूरे राज्य में कुल 9 परिवर्तन यात्राएं निकाली जाएंगी:
1 मार्च: कूच बिहार साउथ, कृष्णानगर साउथ, गरबेटा, रायदिघी और कुल्टी से यात्राओं का आगाज होगा।
2 मार्च: इस्लामपुर, संदेशखली, हसन और अमता से अन्य यात्राएं शुरू की जाएंगी।
होली का अवकाश: 3 और 4 मार्च को डोल यात्रा और होली के त्यौहार के कारण यात्रा को विराम दिया जाएगा।
5 से 10 मार्च: यह यात्राएं राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में घूमेंगी और कुल 5,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगी।
इस अभियान के तहत भाजपा ने 60 बड़ी जनसभाएं और 300 से अधिक छोटी सभाएं आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। हर विधानसभा क्षेत्र में विशेष रथ, झांकियां और कैंपेन आयोजित किए जाएंगे ताकि भाजपा का संदेश हर घर तक पहुंच सके।
अमित शाह का मायापुर दौरा और आध्यात्मिक संदेश
परिवर्तन यात्रा की घोषणा के बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पश्चिम बंगाल के संक्षिप्त दौरे पर पहुंच रहे हैं। हालांकि यह दौरा राजनीतिक न होकर आध्यात्मिक बताया जा रहा है। शाह कोलकाता एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा नादिया जिले के मायापुर जाएंगे। वहाँ वे इस्कॉन मंदिर में श्रील भक्ति सिद्धांत सरस्वती ठाकुर की 152वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, वे यहाँ हिंदू संतों और साधुओं के साथ एक विशेष बैठक भी कर सकते हैं, जिसे सांस्कृतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पीएम मोदी की मेगा रैली के साथ होगा समापन
भाजपा की यह ‘परिवर्तन यात्रा’ मार्च के अंत में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा के साथ समाप्त होगी। इस समापन समारोह को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष भट्टाचार्य ने संकेत दिया है कि यात्रा के विभिन्न चरणों के उद्घाटन के समय भाजपा के कई केंद्रीय दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा ने समाज के सभी वर्गों से इस यात्रा में जुड़ने की अपील की है, जिससे बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव की नींव रखी जा सके।

गांव से लेकर देश की राजनीतिक खबरों को हम अलग तरीके से पेश करते हैं। इसमें छोटी बड़ी जानकारी के साथ साथ नेतागिरि के कई स्तर कवर करने की कोशिश की जा रही है। प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक खबरें पेश करने की एक अलग तरह की कोशिश है।



